अवैध खनन के विरुद्ध जिला प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, एक जेसीबी, दो ट्रक एवं तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
Gargachary Times
21 June 2026, 21:14
46 views
Mainpuri
रिपोर्ट प्रधूम शाक्य
मैनपुरी- जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देशन में जनपद में अवैध खनन एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत तहसील करहल के ग्राम मोहम्मदपुर में बड़ी कार्यवाही की गई, अवैध खनन की सूचना प्राप्त होने पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर एक जेसीबी मशीन, दो ट्रक एवं तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। जिलाधिकारी को प्राप्त शिकायत के आधार पर उप मजिस्ट्रेट करहल को तत्काल मौके पर भेजा गया, राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से खनन कार्य किया जाना पाया गया, मौके पर खनन कार्य में प्रयुक्त जेसीबी मशीन संख्या यूपी-75 सी.टी.-1882 तथा तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थानाध्यक्ष कुर्रा के सुपुर्द किया गया, जांच के दौरान खनिज विभाग द्वारा खनिज परिवहन में लगे वाहनों का भी सत्यापन किया गया। ट्रक संख्या यूपी-82 ए.टी.-7577, ट्रक संख्या- यू.पी.-75 सी.टी.-6162 में निर्धारित क्षमता से अधिक मोरंग परिवहन करते हुए पकड़ा गया, वाहन चालक आवश्यक वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका, उक्त दोनों वाहन को उत्तर प्रदेश उप खनिज (परिहार) नियमावली-1963 के नियम 65 के अन्तर्गत सीज कर पुलिस अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि अवैध खनन एवं खनिजों का अवैध परिवहन खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली, 1963 तथा अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के अंतर्गत दंडनीय अपराध है, ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार अर्थदंड अधिरोपित करने के साथ-साथ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में अवैध खनन, भू-माफियाओं की गतिविधियों एवं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जा रही है, विगत 02 माह के दौरान सैकड़ों बीघा सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है तथा पात्र पट्टाधारकों को उनकी आवंटित भूमि पर कब्जा दिलाने की कार्यवाही भी निरंतर जारी है।