Loading...

योग दिवस पर मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान, साइकिल भेंट कर बढ़ाया उत्साह

Gargachary Times 21 June 2026, 21:17 37 views
Firozabad
योग दिवस पर मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान, साइकिल भेंट कर बढ़ाया उत्साह
फिरोजाबाद: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुशवाहा जिला सभा फिरोजाबाद के तत्वावधान में जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, सिविल लाइन दबरई में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बैज लगाकर, मेडल पहनाकर, प्रमाण पत्र एवं शिक्षण सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ योगाभ्यास के साथ हुआ। इस दौरान विशिष्ट अतिथि राजेंद्र सिंह राठौर ने गुनगुन कुशवाहा, एकता कुशवाहा एवं अंजली कुशवाहा को साइकिल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य की धरोहर हैं और ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार करते हैं। उन्होंने छात्रों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि राजेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में माता-पिता के सहयोग और लक्ष्य के प्रति समर्पित मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उसी दिशा में निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। मुख्य वक्ता प्रो. सलिल कुमार वर्मा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए मानसिक रूप से मजबूत बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, धैर्य और निरंतर अध्ययन को आवश्यक बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम सिंह कुशवाहा ने की तथा संचालन डॉ. प्राजंलि कुशवाहा ‘प्रज्ञान’ द्वारा किया गया। आयोजनकर्ता प्रेम प्रकाश कुशवाहा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में त्रिलोकचंद कुशवाहा, केशव देव कुशवाहा, डॉ. एस.पी. लहरी, डॉ. संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Follow Samachar24