जनपद न्यायालय परिसर में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
Gargachary Times
21 June 2026, 21:19
48 views
Firozabad
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद न्यायालय परिसर में रविवार को योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. बब्बू सारंग के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों-कर्मचारियों, पैरालीगल वालंटियर्स (PLVs) सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षक द्वारा उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फिरोजाबाद योगेश शिवा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो व्यक्ति को स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान जीवनशैली में योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करना चाहिए।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों से नियमित योगाभ्यास करने तथा अपने परिवार और समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।
सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।