फिरोजाबाद में उत्साह के साथ मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
Gargachary Times
21 June 2026, 21:19
30 views
Firozabad
जनपद में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन रविवार को बड़े उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों ने योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। इस दौरान पुलिस लाइन परिसर में हजारों लोगों ने एक साथ योग कर स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक और आत्मिक संतुलन स्थापित करने की कला और विज्ञान है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि वर्ष के 365 दिन नियमित रूप से अपनाना चाहिए, ताकि तन और मन दोनों स्वस्थ रह सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका रही और आज पूरा विश्व 21 जून को योग दिवस के रूप में मना रहा है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में योग अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” लोगों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि योग का संदेश जनपद के हर गांव और हर घर तक पहुंचे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शरद, मास्टर ट्रेनर पी.एस. राणा, प्रशिक्षक अंकित यादव, राजमाला, रमाकांत प्यारेलाल, धर्मेंद्र एवं दीपा बघेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।