धनगर समाज ने उठाई जाति प्रमाण पत्र और अहिल्याबाई होल्कर प्रतिमा स्थापना की मांग
Gargachary Times
21 June 2026, 21:22
32 views
Firozabad
टूंडला: धनगर महासभा उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में रविवार को टूंडला शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों में बैठक आयोजित कर धनगर समाज के जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने तथा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पुनः स्थापित किए जाने की मांग उठाई गई। बैठकें न्यू शिव नगर फ्रेंड्स कॉलोनी, नगला छनूर, नगला लल्लू, हिम्मतपुर, पचोखरा और सिकरारी में आयोजित हुईं, जिनमें समाज के युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।बैठक में मुख्य अतिथि भंवर सिंह धनगर ने कहा कि टूंडला स्टेशन रोड स्थित रॉयल गार्डन मैरिज होम के सामने स्थापित लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को तत्कालीन प्रशासन द्वारा 4 सितंबर 2022 को हटाया गया था, लेकिन आज तक उसे दोबारा स्थापित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि धनगर समाज इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर प्रतिमा पुनः लगाए जाने की मांग करेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय, अनुसूचित जाति आयोग भारत सरकार तथा उत्तर प्रदेश शासन के 24 जनवरी 2019 के शासनादेश के बावजूद तहसीलों में धनगर समाज के लोगों के जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ प्रभावशाली लोगों के प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं, लेकिन आम समाज के लोगों के आवेदन निरस्त किए जा रहे हैं, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है।
भंवर सिंह धनगर ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही प्रतिमा स्थापित नहीं की गई और जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए तो धनगर समाज धरना-प्रदर्शन करेगा तथा जनप्रतिनिधियों का विरोध भी किया जाएगा। समाज के लोग सरकार के मंत्रियों और विधायकों को ज्ञापन देकर अपनी मांगों को उठाएंगे।
बैठक में राधेश्याम धनगर, भोला सिंह धनगर, अशोक धनगर, देवेंद्र पाल धनगर, निखिल धनगर, अंशुमन धनगर, रामवीर सिंह धनगर, राजेंद्र सिंह धनगर, डॉ. सुशील धनगर सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।