जीएनएम छात्राओं ने नर्सिंग संस्थान पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार
Gargachary Times
22 June 2026, 19:50
38 views
Mathura
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा।
में सोमवार को जीएनएम प्रथम वर्ष की सात छात्राएं एकत्रित होकर जिला अधिकारी कार्यालय पहुंची। अपनी फरियाद लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची छात्राओं ने दरेसी रोड स्थित बृज चिकित्सा संस्थान के प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया और कार्रवाई की मांग की।
छात्राओं का आरोप है कि संस्थान ने उनसे प्रवेश, फीस और शैक्षणिक दस्तावेज लेने के बावजूद उनका विधिवत प्रवेश नहीं कराया और करीब आठ महीने तक उन्हें गुमराह भी किया है।
छात्राओं ने जीएनएम प्रथम वर्ष में संस्थान में प्रवेश लिया था।
और नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर अध्ययन भी किया।
उनसे प्रत्येक माह निर्धारित शुल्क भी जमा कराया जाता रहा।
जब उन्होंने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया तो उन्हें जानकारी मिली कि उनके आवेदन विश्वविद्यालय स्तर पर अस्वीकृत हो गए हैं।
छात्राओं का आरोप है कि संस्थान प्रबंधन ने उनका प्रवेश ही नहीं कराया और न ही उनसे संबंधित कोई वैध शैक्षणिक रिकॉर्ड उपलब्ध कराया। पढ़ाई के नाम पर छात्राओं को संस्थान बुलाया जाता रहा और फीस वसूली जाती रही।
छात्राओं का कहना है कि इस कथित लापरवाही और धोखाधड़ी से उनका शैक्षणिक भविष्य संकट में पड़ गया है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब छात्राओं के अभिभावकों ने संस्थान प्रबंधन से इस संबंध में बातचीत करने का प्रयास किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। अभिभावकों को कथित रूप से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की कर संस्थान से बाहर निकाल दिया गया।
छात्राओं ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग है।