Loading...

टीम सेवार्थ' और 'श्री हितउत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट' के समर कैंप का भव्य समापन, 204 बेटियों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर

Gargachary Times 22 June 2026, 19:54 42 views
Mathura
टीम सेवार्थ' और 'श्री हितउत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट' के समर कैंप का भव्य समापन, 204 बेटियों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर
वृंदावन, बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित एक दिवसीय समर कैंप का भव्य समापन हुआ। युवाओं की अग्रणी संस्था टीम सेवार्थ और श्री हितउत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त प्रयासों से संचालित इस एक माह के मार्शल आर्ट्स शिविर में वृंदावन के अलग-अलग क्षेत्रों की लगभग दो सौ चार बालिकाओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान बेटियों को संकट के समय अपनी सुरक्षा स्वयं करने के लिए जूडो-कराटे और कुंग-फू जैसी आत्मरक्षा की विधाओं का कड़ा अभ्यास कराया गया। ​शिविर के समापन के पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री मज्जजगदगुरु नाभा पीठाधीश्वर स्वामी श्री सुतीक्ष्णदास जी महाराज, क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत शर्मा और हाल ही में पीसीएस परीक्षा में सफलता का परचम लहराने वाली कृष्णांगी त्रिपाठी ने शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि वर्तमान परिवेश को देखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश में ऐसे उपयोगी आयोजन समय की सबसे बड़ी मांग हैं। बेटियों की इतनी बड़ी उपस्थिति पर प्रसन्नता जताते हुए उन्होंने समाज में आई इस नई जागरूकता की सराहना की और समाज के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे अभियान चलाने की बात कही। ​वहीं पूज्य स्वामी सुतीक्ष्णदास जी महाराज ने अपने आशीष वचनों में कहा कि आत्मरक्षा के ये हुनर न केवल बेटियों को सुरक्षित करते हैं बल्कि उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ बनाते हैं। इससे बच्चे तनावमुक्त रहते हैं और कई तरह की बीमारियों से बचे रहते हैं। समारोह के अंत में इस सफल आयोजन के लिए समाजसेवी प्रवीन सर्राफ का आभार व्यक्त किया गया तथा मुख्य प्रशिक्षक ज्ञानप्रकाश सहित एक महीने तक बालिकाओं को निखारने वाली बारह महिला ट्रेनर्स को मंच पर सम्मानित किया गया। इस गौरवमयी क्षण के साक्षी बनने के लिए पार्षद वैभव अग्रवाल, गोविंद खंडेलवाल, मोहन शर्मा, गोपाल खंडेलवाल, विश्वनाथ गौतम, कृष्णमुरारी अग्रवाल, प्रशांत वार्ष्णेय, गिरधर खंडेलवाल, कौशल श्रीवास्तव, तरुण बघेल, गौरव भारती और दीपक सहित नगर के अनेक गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Follow Samachar24