Loading...

सौरई को हराकर सेलखेड़ा ने जीता नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब, रोमांचक फाइनल में दर्ज की 15 रनों से जीत

Gargachary Times 22 June 2026, 19:55 56 views
Mathura
सौरई को हराकर सेलखेड़ा ने जीता नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब, रोमांचक फाइनल में दर्ज की 15 रनों से जीत
​मथुरा/बलदेव। ग्राम सेलखेड़ा में आयोजित रुस्तम-ए-हिंद फूली पहलवान स्मृति नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार रात को बेहद रोमांचक समापन हुआ। खिताब के लिए खेले गए फाइनल मुकाबले में मेजबान सेलखेड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सौरई को 15 रनों से पराजित कर चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मैच की शुरुआत से पहले खेल मैदान में राष्ट्रगान की गूंज हुई, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। इसके बाद शुरू हुए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेलखेड़ा की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 4 विकेट खोकर 81 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया और सौरई को जीत के लिए 82 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में उतरी सौरई की टीम सेलखेड़ा के गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी के सामने बिखर गई और 7.3 ओवर में महज 66 रन बनाकर ऑलआउट हो गई, जिसके चलते सेलखेड़ा ने मुकाबला जीतकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। ​इस कांटे के मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल का जमकर लुत्फ उठाया। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि बंसी भाई ने विजेता टीम सेलखेड़ा को ट्रॉफी के साथ 31 हजार रुपये की नकद धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की, जबकि उपविजेता रही सौरई की टीम को ट्रॉफी और 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बंशी भाई ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि ये खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को भी सुदृढ़ करते हैं। इस पूरे मुकाबले के दौरान सुरेश मास्टर और देवेंद्र मास्टर ने अंपायर के रूप में निष्पक्ष भूमिका निभाई, वहीं नीरज शर्मा और प्रमोद मास्टर ने अपनी जीवंत कमेंट्री से दर्शकों को बांधे रखा। इस मौके पर पूरन दरोगा, डॉ. जगदीश, देवेंद्र मास्टर, धांधू पहलवान, अतुल परिहार, नरेश परिहार और विपिन परिहार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और खेल प्रेमी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Follow Samachar24