Loading...

अखंड ज्योति एवं माता भगवती देवी शर्मा जन्म शताब्दी वर्ष पर कोंच में पहुंची गायत्री परिवार की रथ यात्रा

Gargachary Times 22 June 2026, 20:13 41 views
Jalaun
अखंड ज्योति एवं माता भगवती देवी शर्मा जन्म शताब्दी वर्ष पर कोंच में पहुंची गायत्री परिवार की रथ यात्रा
हरिओम बुधौलिया जालौन के कोंच नगर में अखंड ज्योति एवं वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा निकाली जा रही रथ यात्रा का नगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। रथ यात्रा केरल गंज स्थित विनोद लोई वाले की दुकान पर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रथ का अभिनंदन किया। इस अवसर पर गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने अखंड ज्योति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा नैतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया। रथ यात्रा के माध्यम से समाज में सद्भाव, संस्कार, नारी सम्मान और सकारात्मक जीवन मूल्यों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने माता भगवती देवी शर्मा के जीवन, उनके त्याग, सेवा और समाज निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके आदर्शों को अपनाकर एक बेहतर एवं संस्कारित समाज का निर्माण किया जा सकता है। रथ यात्रा के स्वागत कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भाग लिया और गायत्री मंत्र के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में सुरेंद्र कुमार (नदीगांव), राजेंद्र शर्मा, कुंवर सिंह, वीरेंद्र सिंह लाला, राकेश पटेल, शांति देवी, कपिल यादव और चंद्रशेखर कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं गायत्री परिवार के सदस्य मौजूद रहे। रथ यात्रा के नगर आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे समाज में सकारात्मक विचारों और संस्कारों का प्रसार हो सके।
Follow Samachar24