दयालबाग लालगढ़ी में जलनिकासी की समस्या से लोग परेशान, जिम्मेदार एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी
Gargachary Times
23 June 2026, 20:27
52 views
Agra
मुकुल शर्मा आगरा
आगरा। दयालबाग के लालगढ़ी क्षेत्र में जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। थोड़ी सी बारिश या पानी भरने की स्थिति में सड़कें जलमग्न हो जाती हैं, जिससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी दिक्कत होती है।
क्षेत्र में स्थित सरकारी विद्यालय तक पहुंचने का रास्ता पानी से भर जाने के कारण कई बच्चों को स्कूल आने-जाने में कठिनाई होती है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
लोगों का कहना है कि जब ग्राम प्रधान से शिकायत की जाती है तो वे यह कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं कि यह क्षेत्र उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। वहीं, पार्षद से संपर्क करने पर उनका भी यही जवाब मिलता है कि यह इलाका उनके हिस्से में नहीं है। ऐसे में क्षेत्रवासी असमंजस में हैं कि आखिर अपनी समस्या किसके सामने रखें।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की सीमा और जिम्मेदारी तय कर जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि सड़क पर पानी भरने की समस्या से राहत मिल सके और स्कूली बच्चों सहित आम नागरिकों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।