Loading...

एएचटी टीम ने बाल विवाह रुकवाकर नाबालिग बालिका का किया रेस्क्यू

Gargachary Times 23 June 2026, 20:42 71 views
Firozabad
एएचटी टीम ने बाल विवाह रुकवाकर नाबालिग बालिका का किया रेस्क्यू
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे बाल विवाह रोकथाम अभियान के तहत थाना एएचटी टीम ने एक नाबालिग बालिका का सफल रेस्क्यू कर बाल विवाह रुकवाया। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल अधिकारी एएचटी के निर्देशन में की गई।पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना मक्खनपुर क्षेत्र के ग्राम अरमराजट्ट निवासी एक नाबालिग बालिका का विवाह 25 जून 2026 को प्रस्तावित है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना एएचटी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर एवं स्थानीय पुलिस बल के साथ संयुक्त अभियान चलाया।संयुक्त टीम ग्राम अरमराजट्ट पहुंची, जहां सत्यापन और पूछताछ के दौरान बालिका के नाबालिग होने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने बालिका को बाल विवाह से मुक्त कराते हुए सुरक्षित रेस्क्यू किया। अभियान के दौरान बालिका और उसके परिजनों को बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और कानूनी दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।रेस्क्यू की गई बालिका को आवश्यक विधिक एवं संरक्षणात्मक कार्रवाई के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सुपुर्द किया गया, ताकि उसके अधिकारों और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।रेस्क्यू अभियान में कार्यवाहक थानाध्यक्ष एएचटी उपनिरीक्षक रविशंकर निषाद, उपनिरीक्षक सोबरन सिंह, महिला मुख्य आरक्षी सुप्रिया सिंह, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी शिक्षा सारस्वत एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के मोहम्मद सईद अपनी-अपनी टीमों के साथ मौजूद रहे। फिरोजाबाद पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने में सहयोग करें तथा कहीं भी ऐसी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Follow Samachar24