Loading...

सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सख्त, खराब प्रदर्शन वाले विभागों को फटकार

Gargachary Times 23 June 2026, 20:46 40 views
Firozabad
सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सख्त, खराब प्रदर्शन वाले विभागों को फटकार
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में ‘सीएम डैशबोर्ड’ के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि जनपद की रैंकिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान पंचायती राज विभाग की समीक्षा में 15वें वित्त आयोग में 90 प्रतिशत तथा 5वें वित्त आयोग में 91.34 प्रतिशत प्रगति पाई गई। हालांकि तीन ब्लॉकों की रैंकिंग अत्यंत खराब मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जनसेवा केंद्रों पर जमा धनराशि को समय से सरकारी खाते में स्थानांतरित न किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जननी सुरक्षा योजना के तहत केवल 52 प्रतिशत भुगतान होने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम से जवाब तलब किया। उन्होंने शेष भुगतान शीघ्र कराने और योजना की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। एम्बुलेंस सेवाओं में जनपद की 39वीं रैंक तथा 108 सेवा में 22वीं रैंक होने और मरीजों तक समय पर एम्बुलेंस न पहुंचने की शिकायतों पर भी नाराजगी जताई गई।बैठक में विद्युत विभाग की 62वीं रैंक आने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। वहीं मनरेगा के तहत भवन निर्माण कार्यों में जनपद की 59वीं रैंक सुधारने और आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने ‘घर-घर पेयजल कनेक्शन’ योजना की प्रगति तेज करने, दुग्ध मूल्य भुगतान व्यवस्था सुधारने के लिए तीन नई दुग्ध समितियां गठित करने तथा दिव्यांग पेंशन योजना के बेहतर संचालन हेतु समाज कल्याण अधिकारी को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कृषि एवं उद्यान विभाग को तहसील स्तर पर लंबित 1071 आवेदनों का समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही पीएम सूर्य घर योजना के लक्ष्यों को भी निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य एवं अपर जिलाधिकारी को सभी विभागों के साथ नियमित समीक्षा कर जनपद की प्रदेश स्तर पर रैंकिंग बेहतर बनाने के निर्देश दिए। बैठक में सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24