Loading...

फर्जी लूटकांड का हाईवे पुलिस ने किया खुलासा, सेल्समैन और उसकी पत्नी गिरफ्तार

Gargachary Times 24 June 2026, 20:52 2 views
Mathura
फर्जी लूटकांड का हाईवे पुलिस ने किया खुलासा, सेल्समैन और उसकी पत्नी गिरफ्तार
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा। थाना हाईवे पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में जेपी इंटरप्राइजेज फर्म के सेल्समैन के साथ हुई कथित लूट की घटना का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुलिस ने सेल्समैन और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे 10 लाख 70 हजार रूपए भी बरामद किए है। पुलिस के अनुसार 22 जून को जेपी इंटरप्राइजेज, आजमपुर के सेल्समैन कमीशन एजेंट विजय कुमार ने अज्ञात बाइक सवार बदमाशों द्वारा रुपये से भरा बैग लूटे जाने की सूचना दी थी। इस संबंध में फर्म मालिक जगदीश प्रसाद गौतम की तहरीर पर थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए हाईवे पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को विजय कुमार की कहानी संदिग्ध लगी। पूछताछ में विजय कुमार ने स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर लूट की झूठी साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार विजय कुमार एक प्लॉट खरीदना चाहता था। इसी उद्देश्य से उसने रुपये से भरा बैग अपनी पत्नी को नए बस अड्डे के पास दे दिया था और बाद में मालिक तथा पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट की झूठी सूचना दे दी। पुलिस ने बुधवार तड़के काशीराम आवास टाउनशिप स्थित विजय कुमार के घर से उसे और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान घर में छिपाकर रखी गई पूरी रकम 10 लाख 70 हजार रुपये बरामद कर ली गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शत-प्रतिशत धनराशि की बरामदगी कर ली गई है और फर्जी लूटकांड का सफलतापूर्वक अनावरण किया गया है।
Follow Samachar24