ट्रेलर का फटा टायर, बचने के प्रयास में आलू से भरा ट्रक पलटा, ड्राइवर-खलासी ने शीशा तोड़कर बचाई जान
Gargachary Times
24 June 2026, 20:57
45 views
Dholpur
राजाखेड़ा उपखंड के पिनाहट रोड पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक आलू से भरा 16 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर खेतों में पलट गया। यह हादसा सामने से आ रहे एक ट्रेलर का टायर फटने के बाद उसे बचाने के प्रयास में हुआ। ट्रक ड्राइवर और खलासी ने शीशा तोड़कर अपनी जान बचाई, जिसमें ड्राइवर को मामूली चोटें आईं।
ट्रक में थे 600 आलू के बोरे
जानकारी के अनुसार, शिकोहाबाद से लगभग 600 बोरे आलू लादकर मुंबई जा रहा ट्रक पिनाहट रोड पर नीमडांडा पुलिया के पास पहुंचा था। तभी सामने से आ रहे गिट्टियों से लदे ट्रेलर का अचानक टायर फट गया, जिससे ट्रेलर सड़क पर लहराने लगा। आलू ट्रक के ड्राइवर ने ट्रेलर से बचने के लिए साइड ली, लेकिन वह ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकराता हुआ सड़क किनारे खेतों में पलट गया। हादसे में आलू से भरा ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदे सैकड़ों बोरे आलू खेतों में बिखर गए। इस दौरान ट्रेलर के भी तीन टायर फट गए। सुबह घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पिछले सप्ताह इसी पिनाहट रोड पर कोल्ड स्टोरेज के आगे एक ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। उस समय ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया था, बाद में पुलिस ने ईंट भट्ठे के पास खड़े ट्रेलर को जब्त कर लिया था।