श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी महापाप आस्था के साथ हुआ खिलवाड़: अखिलेश यादव
Gargachary Times
24 June 2026, 21:00
86 views
Lucknow
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि अयोध्या श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी महापाप हुआ है। आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है। पूरे देश से जो चढ़ावा आया उसकी लूट हुई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार भाजपा का धर्म बन गया है। अयोध्या में जमीनों में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लूट हुई है। धन ही भाजपा का धर्म है।
बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित एक प्रेसकांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि देश की आस्था, सनातन धर्म की परम्परा प्रभु श्रीराम के स्थान पर हुए भ्रष्टाचार और चढ़ावा चोरी की भगवान ने पोल खुलवा दी। अभी तो कुछ ही चीजों का खुलासा हुआ है। लोगों ने संस्थाओं और व्यक्तिगत तौर पर जो चढ़ावा दिया है उसकी जानकारी के माध्यम से दे रहे है। अयोध्या में चढ़ावा चोरी के खुलासे से देश और दुनिया के सामने बहुत खराब संदेश गया है।
चढ़ावा चोरी पर एसआईटी के गठन पर अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या में लोगों के विश्वास में सेंध लगी है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के मंदिर में चोरी होती रही और जिन्होंने वहां सबसे ज्यादा बार दौरा किया वे क्या करने जाते थे। उन्होंने क्या किया?
अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ न्यूज चैनल अयोध्या में चढ़ावा चोरी की खबरों को लेकर भेदभाव कर रहे हैं। उन्हें आस्था और सनातनी परम्परा के साथ भेदभाव नहीं करना चाहिए। सच्चाई सामने लानी चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ के अलीगंज में हुई अग्निकांड की घटना में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं हुआ। अगर सुरक्षा नियमों का पालन हुआ होता तो छात्रों-नौजवानों की जान बचायी जा सकती थी। अलीगंज अग्निकांड की घटना सामान्य घटना नहीं है। अगर लखनऊ में होटलों में हुए अग्निकांड की घटनाओं से सरकार पहले जाग गयी होती तो यह घटना नहीं होती। महाकुंभ में भी कई बार आग लगी लेकिन सरकार ने कोई सबक नहीं लिया। जब हजरतगंज के होटल में आग लगी थी तो सरकार ने कहा था कि 24 घंटे के अंदर बुलडोजर चल जाएगा चूंकि होटल सरकार समर्थक का था, इसलिए बुलडोजर नहीं चला।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में दस साल से भाजपा सरकार है। सरकार ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। इसीलिए यह घटना हुई। समाजवादी सरकार में डायल 100 बनाया गया था। उस समय सरकार की कोशिश थी कि सभी आपात कालीन सेवाएं उस पर आ जायं। फायर, मेडिकल, पुलिस एमरजेंसी सब कुछ डायल 100 पर लाया जा रहा था। हमारी कोशिश थी कि आपात कालीन सेवाएं लोगों को 5 मिनट में मिल जाए, लेकिन भाजपा सरकार ने डायल 100 को बर्बाद कर दिया। अलीगंज की घटना में इमरजेंसी सेवाओं का पहले तो फोन नहीं उठा, जब उठा भी तो कहा गया कि हम ये काम नहीं करते हैं। अमृत काल और विश्वगुरू बनने वाली सरकार के पास इमरजेंसी में दीवार तोड़ने के लिए हथियार नहीं थे। दीवार काटने के लिए मशीन नहीं थी। अगर समय पर दीवार काट दी जाती तो बहुत बच्चों की जान बच जाती।
अखिलेश यादव ने कहा कि बच्चे खोने के दुःख से बड़ा कोई दुःख नहीं होता है। सरकार के जो लोग अपने व्यक्तिगत जीवन के लिए जी रहे है, उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है। छात्र-छात्राएं और नौजवान बच्चों की जान चली गयी। सरकार मदद के नाम पर कुछ नहीं कर रही है।
अखिलेश यादव ने मांग की कि सरकार जान गवांने वाले नौजवानों के परिवारों को अगर दे सकती है तो नौकरी दे, नहीं तो एक-एक करोड़ रूपये दें। जो घायल है, उनका पूरा इलाज कराये और पूरी तरह स्वस्थ होने तक उनके वेतन बराबर धनराशि हर महीने दें उन्होंने कहा कि कुछ लाग कैमरे के सामने दिखावटी आंसू बहा रहे थें जब कैमरा बंद हुआ तो आसू बंद हो गये।
अखिलेश यादव ने कहा कि घटना की जांच हो। पीड़ितों की पूरी मदद हो, सुरक्षा मानकों का पूरा पालन हो। जिससे भविष्य में दोबार इस तरह की घटना न हो। अलग-अलग पार्टियों के सांसदों के टूटने पर अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने अपने वोट के अधिकार से भाजपा के संविधान बदलने की साजिश को रोक दिया तो अब वे सांसदों को खरीद रहे हैं। सांसदों को डरा रहे है। भाजपा संविधान बदलने के लिए सांसदों को इकट्ठा कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। नौजवानों को नौकरी, रोजगार भाजपा के एजेंडे में नहीं है। समाजवादी सरकार बनेगी तो नौजवानों को नौकरी, रोजगार दिया जाएगा। भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया। अस्पतालों को खुद इलाज की जरूरत है। अस्पताल, वेंटिलेटर पर है। दवा कहीं नही है। भाजपा सरकार सरकारी अस्पताल बंद कर रही है। निजी अस्पताल को बढ़ावा दे रही है।