फिरोजाबाद पुलिस ने 150 गुम मोबाइल किए बरामद, 30 लाख रुपये के फोन मालिकों को लौटाए
Gargachary Times
24 June 2026, 21:08
57 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निर्देशन में सर्विलांस सेल एवं जनपद पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर 150 गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सुपुर्द किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध सुश्री चंचल त्यागी के नेतृत्व में की गई। सर्विलांस सेल टीम ने जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर गुम मोबाइलों की तलाश अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार आवेदकों द्वारा सीईआईआर पोर्टल एवं विभिन्न थानों में मोबाइल गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए वीवो, सैमसंग, ओप्पो, रियलमी, रेडमी, मोटोरोला, टेक्नो, वन प्लस, पोको, इनफिनिक्स, आईक्यू, नथिंग एवं लावा कंपनियों के कुल 150 मोबाइल बरामद किए गए।बरामद मोबाइलों में सर्वाधिक 42 मोबाइल वीवो कंपनी के हैं, जबकि 21 सैमसंग, 18 ओप्पो, 18 रियलमी, 15 रेडमी, 9 मोटोरोला, 7 टेक्नो, 6 वन प्लस, 5 पोको, 4 इनफिनिक्स, 2-2 आईक्यू और नथिंग तथा 1 लावा कंपनी का मोबाइल शामिल है।पुलिस विभाग के अनुसार जनपद में अब तक विभिन्न राज्यों एवं जनपदों की पुलिस के समन्वय से कुल 1537 गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों ने फिरोजाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर कोई भी व्यक्ति अपने गुम मोबाइल की शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकता है, जिसके आधार पर पुलिस मोबाइल की ट्रैकिंग और बरामदगी की कार्रवाई करती है।इस अभियान में निरीक्षक मुकेश कुमार प्रभारी सर्विलांस सेल मय टीम तथा जनपद के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस टीमें शामिल रहीं।