फिरोजाबाद में बाल गृह, CWC और वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Gargachary Times
24 June 2026, 21:10
47 views
Firozabad
फिरोजाबाद। माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फिरोजाबाद डॉ. बब्बू सारंग के मार्गदर्शन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फिरोजाबाद सुश्री योगेश शिवा ने बुधवार को जनपद में संचालित विभिन्न संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के तहत राजकीय बाल गृह (बालक) फिरोजाबाद, बाल कल्याण समिति (CWC) फिरोजाबाद तथा वन स्टॉप सेंटर फिरोजाबाद का दौरा किया गया। इस दौरान संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं, अभिलेखों एवं लाभार्थियों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की गई।
राजकीय बाल गृह (बालक) में सचिव ने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बाल कल्याण समिति (CWC) के निरीक्षण के दौरान लंबित प्रकरणों के निस्तारण, अभिलेखों के रखरखाव एवं बाल संरक्षण से संबंधित कार्यवाहियों की समीक्षा की गई। सचिव ने समिति के सदस्यों को निर्देशित किया कि बच्चों से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं संवेदनशीलतापूर्वक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।इसके बाद वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता सेवाओं, परामर्श, आश्रय, चिकित्सा एवं विधिक सहायता व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सचिव ने निर्देश दिए कि हिंसा से प्रभावित महिलाओं को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं।निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संस्थाओं के सुचारु संचालन, स्वच्छता, सुरक्षा एवं लाभार्थियों के अधिकारों के संरक्षण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बताया गया कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं एवं सुविधाओं का समुचित लाभ दिलाने के उद्देश्य से ऐसे निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से किए जाते रहेंगे।