Loading...

लखनऊ अग्निकांड के बाद वृंदावन में प्रशासन का बड़ा एक्शन, नियमों का उल्लंघन करने वाले कई संस्थान सील

Gargachary Times 24 June 2026, 21:12 4 views
Mathura
लखनऊ अग्निकांड के बाद वृंदावन में प्रशासन का बड़ा एक्शन, नियमों का उल्लंघन करने वाले कई संस्थान सील
वृंदावन । पुनीत शुक्ला ​लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद जनसुरक्षा को लेकर मथुरा-वृंदावन का स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क और एक्शन मोड में आ गया है। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस, फायर ब्रिगेड, नगर निगम और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की एक संयुक्त टीम ने वृंदावन के विभिन्न इलाकों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले और आवासीय नक्शे पर अवैध रूप से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वाले एक दर्जन से अधिक होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट और स्पा सेंटरों को मौके पर ही सील कर दिया गया। ​जांच के दौरान टीम को कई ऐसी गंभीर खामियां मिलीं जहां संचालकों ने बिना किसी अनुमति के आवासीय भवनों को व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बदल रखा था। प्रशासनिक कार्रवाई के डर से कई मालिक अपने संस्थानों में ताला लगाकर भाग खड़े हुए, लेकिन टीम ने नियमानुसार उन भवनों को भी सील करने की कार्रवाई पूरी की। इस अभियान के दौरान एक अस्पताल की भी जांच की गई, जहाँ न तो फायर विभाग की एनओसी थी और न ही उसका निर्माण एमवीडीए के तय मानकों के अनुरूप पाया गया था, जिसके बाद संबंधित विभाग को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए। ​सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने बताया कि यह जांच अभियान विशेष रूप से वृंदावन के अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, जैसे प्रेम मंदिर के सामने वाले इलाके और चैतन्य विहार में चलाया गया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह कार्रवाई केवल होटलों तक सीमित नहीं है, बल्कि कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, आश्रम, धर्मशाला और अस्पताल जैसे उन सभी सार्वजनिक स्थानों पर की जा रही है जहां भारी संख्या में लोग आते हैं। ​प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि जनसुरक्षा के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी भवन स्वामियों और प्रबंधकों से अपील की है कि वे बिना पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के श्रद्धालुओं को न ठहराएं। इसके साथ ही उन्होंने बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों से भी अनुरोध किया है कि वे सुरक्षा मानकों की कमी वाले स्थानों पर रुकने से परहेज करें। प्रशासन का यह जांच अभियान मथुरा और वृंदावन के अन्य क्षेत्रों में भी लगातार जारी रहेगा।
Follow Samachar24