डकैती की तैयारी में बैठे अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़, तमंचे-छुरों के साथ 6 गिरफ्तार
Gargachary Times
25 June 2026, 19:33
63 views
Mathura
फरह। फरह पुलिस और एंटी रिवार्डिड टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गोवर्धन ड्रेन के पास डकैती की योजना बना रहे आधा दर्जन से अधिक बदमाशों को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, छुरे और डकैती में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए हैं। सभी के खिलाफ विभिन्न थानों में दर्जनों केस पहले से दर्ज हैं।
गुरुवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गढ़ी पचौरी गांव के निकट गोवर्धन ड्रेन नाले पर हथियारों से लैस कुछ अजनबी लोग बैठे हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर थाना फरह पुलिस और एंटी रिवार्डिड टीम ने तुरंत घेराबंदी कर संयुक्त ऑपरेशन चलाया। मौके से 6 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मोनू पुत्र मालवा निवासी भोजपुर, खैरागढ़ आगरा; अलाउद्दीन पुत्र लाल निवासी लेखराज का नगला, मलपुरा; विजय सिंह पुत्र भगवान सिंह निवासी पथराई, कुठौंद जालौन; सुरेश पुत्र सुखलाल निवासी कसौली, आगरा; माता प्रसाद पुत्र प्रेम सिंह निवासी मौजा का नगर, मनियां धौलपुर राजस्थान; और शरीफ पुत्र रूसी निवासी नारीपुरा, शाहगंज आगरा बताए।
पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, जिंदा कारतूस, दो लोहे के छुरे और एक कटर उपकरण बरामद किया। थाना फरह में आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, इन बदमाशों पर आगरा, जालौन, धौलपुर सहित कई थानों में आर्म्स एक्ट, चोरी और विद्युत विभाग से जुड़े दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक छोटे लाल, एंटी रिवार्डिड टीम प्रभारी उपनिरीक्षक सावेज चौधरी, उपनिरीक्षक अजय सिंह मलिक, चौकी प्रभारी ओल अरविन्द सिंह, चौकी प्रभारी दीनदयालधाम आनन्द शर्मा, उपनिरीक्षक शेखर सिंह, हेड कांस्टेबल पंकज कुमार, राजकुमार, विनय कुमार, विशाल गौतम, संतोष कुमार, सोनू भाटी और कांस्टेबल पवन भाटी शामिल रहे। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।