Loading...

ई-रजिस्ट्री प्रणाली के विरोध में फिरोजाबाद में प्रदर्शन, वकीलों और दस्तावेज लेखकों ने सौंपा ज्ञापन

Gargachary Times 25 June 2026, 20:06 61 views
Firozabad
ई-रजिस्ट्री प्रणाली के विरोध में फिरोजाबाद में प्रदर्शन, वकीलों और दस्तावेज लेखकों ने सौंपा ज्ञापन
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लागू की जा रही नई ई-रजिस्ट्रीकरण प्रणाली-2024 के विरोध में गुरुवार को रेवेन्यू बार एसोसिएशन एवं दस्तावेज लेखक संघ तहसील सदर के बैनर तले अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तहसील परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों का कहना था कि नई ई-पंजीकरण प्रणाली से प्रदेश भर में लाखों अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक, स्टांप विक्रेता, टाइपिस्ट, मुहर्रिर और फोटोग्राफर प्रभावित होंगे। उनका आरोप है कि इस व्यवस्था से हजारों परिवारों के सामने रोजगार और आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा। ज्ञापन में कहा गया कि प्रस्तावित ऑनलाइन प्रणाली तकनीकी खामियों और सर्वर समस्याओं से ग्रस्त है। साथ ही साइबर सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आशंकाएं जताई गईं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस व्यवस्था से आम जनता को परेशानी होगी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल सकता है। रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश चन्द्र गुप्ता एवं महासचिव सत्यवीर सिंह धनगर ने कहा कि बिना पर्याप्त तैयारी और संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श किए इस प्रणाली को लागू करना अनुचित है। उन्होंने सरकार से ई-रजिस्ट्री प्रणाली को वापस लेने की मांग की। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष किशन यादव, श्याम सुन्दर सोनी, विमल कुमार, विमलेश कुमार वर्मा, यशपाल सिंह, संजेश कुमार, महेन्द्र पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और दस्तावेज लेखक मौजूद रहे।
Follow Samachar24