गौशालाओं में नवाचार, आइसोलेशन वार्ड और लिफ्टर व्यवस्था के निर्देश
Gargachary Times
27 June 2026, 20:35
71 views
Firozabad
फिरोजाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय की उपस्थिति में गौशालाओं की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सभी गौशालाओं को सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी लगातार यह सुनिश्चित करें कि गौशालाओं में नवोन्मेषी कार्य होते रहें, संचालन व्यवस्था सुचारु रहे तथा साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने गौवंशों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने के साथ-साथ हरे चारे की निरंतर उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।गौवंशों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य प्रबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक गौशाला में अनिवार्य रूप से आइसोलेशन वार्ड स्थापित करने तथा बीमार या घायल गोवंश को सुरक्षित उठाने के लिए लिफ्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सड़कों पर आवारा गोवंश की समस्या के स्थायी समाधान और निराश्रित नंदियों के संरक्षण हेतु आदर्श नंदी गौशालाएं स्थापित करने पर बल दिया गया।बैठक में गौशालाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए गोबर एवं गौमूत्र के व्यावसायिक उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा हुई। निर्देश दिए गए कि स्वयं सहायता समूहों (SHG) को गौशालाओं से जोड़कर गोबर से जैविक खाद तैयार कराई जाए, जो मात्र 10 दिनों में तैयार हो जाती है। इस खाद को सरकार द्वारा खरीदकर किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा।जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया गया कि आरआरसी (RRC) सेंटरों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार कर उसे सीधे किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त गौशालाओं में बीमार पशुओं के बाड़ों में जाली लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी हिंसक पशु या पक्षी से बीमार एवं असहाय गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, पीडीए तथा जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।