उद्योगपतियों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम संतोष कुमार शर्मा
Gargachary Times
27 June 2026, 20:35
85 views
Firozabad
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों, कांच उद्योगपतियों एवं व्यापारियों की लंबित समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना रहा। बैठक में उद्योग विभाग, यूपीसीआईडीए, विद्युत, श्रम एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में उपायुक्त उद्योग ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और उनके अनुपालन की जानकारी प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों के विकास और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।डीएम ने यूपीसीआईडीए अधिकारियों को जलेसर रोड औद्योगिक क्षेत्र में भूमि पैमाइश का कार्य राजस्व एवं पुलिस टीम के समन्वय से शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों और उद्यमियों के बीच विवादों का स्थायी समाधान हो सके।
बैठक में कांच उद्योगपतियों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने टीटीजेड नियमों के अंतर्गत आने वाले व्हाइट कैटेगरी उद्योगों को सुगमता से संचालित करने के संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया। वहीं माइनॉरिटी ग्लास डेवलपमेंट सोसाइटी एवं गेल गैस लिमिटेड से संबंधित प्रस्तावों को आगामी मंडलीय उद्योग बंधु बैठक के एजेंडे में शामिल करने के निर्देश उपायुक्त उद्योग को दिए गए।औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा और बैंकिंग सुविधाओं को लेकर उठी मांगों पर जिलाधिकारी ने बताया कि यूपीसीआईडीए औद्योगिक टाउनशिप के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में नई बैंक शाखाएं खोलने के लिए अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा शिकोहाबाद एवं टूंडला क्षेत्र में 30 बेड वाले ईएसआईसी चिकित्सालय एवं डिस्पेंसरी निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चयन हेतु संयुक्त स्थलीय निरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि लालऊ रोड की क्षतिग्रस्त सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शुरू हो चुका है और इसे जुलाई मध्य तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों के क्रिटिकल प्वाइंट्स पर 60 नई स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी शीघ्र पूरा किया जाएगा।
आकाशवाणी ग्लास रोड पर दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया। प्रशासन ने भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के उद्योगपति और व्यापारी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, उपायुक्त उद्योग संध्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।