Loading...

“नौनिहालों का स्वास्थ्य ही सशक्त राष्ट्र की नींव” : डीएम ने पल्स पोलियो जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

Gargachary Times 27 June 2026, 20:36 44 views
Firozabad
“नौनिहालों का स्वास्थ्य ही सशक्त राष्ट्र की नींव” : डीएम ने पल्स पोलियो जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
फिरोजाबाद। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत शनिवार को जनपद में स्वास्थ्य जागरूकता का विशेष माहौल देखने को मिला। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से स्कूली बच्चों की विशाल पल्स पोलियो जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में बैनर और जागरूकता संदेशों के साथ “दो बूंद जिंदगी की” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा करना समाज और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी के पूर्ण उन्मूलन के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना बेहद जरूरी है।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपदवासियों, अभिभावकों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न समझें, बल्कि इसे सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में निभाएं।उन्होंने कहा, “नौनिहालों का स्वास्थ्य ही सशक्त राष्ट्र की नींव है। एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए, क्योंकि पोलियो पर पूर्ण विजय पाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।”रैली के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूरे जनपद में अभियान को लेकर उत्साह का माहौल दिखाई दिया। मुख्य चिकित्सा विभाग के अनुसार 28 जून को जनपद में बनाए गए 1170 बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के 4 लाख 62 हजार 951 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
Follow Samachar24