पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार, लोहे की रॉड बरामद
Gargachary Times
27 June 2026, 20:37
30 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना शिकोहाबाद पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोपी पति रामनरेश उर्फ जगमोहन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार थाना नगला खंगर क्षेत्र के नगला चतुरी निवासी राजबहादुर सिंह ने थाना शिकोहाबाद में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री की शादी करीब 22 वर्ष पूर्व रामनरेश उर्फ जगमोहन से हुई थी। आरोपी शराब पीने का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट व गाली-गलौज करता था।
आरोप है कि 26/27 जून 2026 की रात पारिवारिक विवाद के बाद मृतका अपने बच्चों और सास के साथ देवर के मकान की छत पर सो रही थी। इसी दौरान आरोपी पीछे की ओर से छत पर पहुंचा और लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।
तहरीर के आधार पर थाना शिकोहाबाद में मु0अ0सं0 486/2026 धारा 352/103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को काशीराम कॉलोनी तिराहा के पास से आरोपी रामनरेश उर्फ जगमोहन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की।
गिरफ्तार आरोपी रामनरेश उर्फ जगमोहन पुत्र वंगाली बाबू, मूल निवासी ग्राम नानेमऊ थाना नसीरपुर जनपद फिरोजाबाद तथा वर्तमान में जैन भट्टा के पीछे प्रतापपुर रोड, थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में रह रहा था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, उपनिरीक्षक राजीव गौतम, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार एवं कांस्टेबल कौशलेन्द्र सिंह शामिल रहे।