गोवर्धन स्थित मानसी गंगा में स्नान के दौरान श्रद्धालु युवक की डूब जाने से हुई मौत
Gargachary Times
29 June 2026, 20:10
48 views
Mathura
मानसी गंगा में आज फिर एक श्रद्धालु बालक अविनाश की डूब जाने के चलते दर्दनाक मौत हो गयी वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से अविनाश को मानसी गंगा से बाहर निकालकर तत्काल गोवर्धन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मानसी गंगा में लगातार हादसे होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार विभाग गंभीर नहीं है। उनका कहना है कि कई बार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने, पर्याप्त गोताखोर और लाइफगार्ड तैनात करने की मांग की गई, लेकिन अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि हर हादसे के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन तो देते हैं, लेकिन कुछ दिन बाद हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं। उनका कहना है कि अगर समय रहते ठोस सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो कई श्रद्धालुओं की जान बचाई जा सकती थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक महीने में मानसी गंगा में करीब आधा दर्जन श्रद्धालुओं की जान जा चुकी है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।