Loading...

आम-जन को वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव हेतु किया जाए जागरूक

Gargachary Times 29 June 2026, 20:21 80 views
Mainpuri
आम-जन को वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव हेतु किया जाए जागरूक
मैनपुरी - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने 01 जुलाई से प्रारंभ हो रहे विशेष संचारी रोग एवं दस्तक अभियान की अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि संचारी रोग अभियान के साथ जनपद में 01 जुलाई से ही विशेष सफाई अभियान भी संचालित होगा, विशेष सवाई अभियान के दौरान शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक साफ-सफाई के साथ कूड़ा निस्तारण, झाड़ियों का कटान, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, उथले हेडपंपों का चिन्ह्यांकन, जल-भराव वाले स्थान पर जल निकासी के बेहतर प्रबंधन के साथ मच्छर जनित बीमारियों से बचाव हेतु लोगों को जागरूक किया जाएगा, आमजन को अभियान के दौरान प्रत्येक रविवार को घरों में उपलब्ध गमले, कूलर की टंकियों, फ्रिज की ट्रे सहित अन्य जल-पात्रों की सफाई के लिए प्रेरित किया जाएगा, सूकर पालकों के अलावा पशुपालकों को भी पशु-बाडों में सफाई रखने, पशुओं को बाडे में बांधकर रखने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा, विद्यालयों में नियमित रूप से प्रार्थना सभा में छात्रों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव हेतु बरती जाने वाले सावधानियां के बारे में बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में खुले में शौच की प्रथा समाप्त हो चुकी है लेकिन अभियान के दौरान लोगों को शौंचालयों के प्रयोग के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकांश बीमारियां खुले में शौच के कारण होती हैं, बीमारियों से बचाव हेतु लोगों को शत-प्रतिशत शौचालय का प्रयोग करने के लिए अभियान के दौरान जागरूक किया जाएगा। श्री त्रिपाठी ने कहा कि गत् वर्षाे में जिन क्षेत्रों में वेक्टर जनित बीमारियों के मरीज मिले हैं, वहां विशेष सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने समीक्षा के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, खंड विकास अधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि विशेष सफाई अभियान के दौरान प्रतिदिन की डिजिटल डायरी तैयार की जाए, सफाई से पहले और सफाई के बाद के फोटो डिजिटल डायरी में रखे जाएं और 31 तारीख के बाद प्रत्येक ग्राम पंचायत, वार्ड की पूरे माह की डिजिटल डायरी अवलोकनार्थ प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जिन लोगों द्वारा अपने घर को सबसे अधिक साफ़ रखा जाए, उन्हें चिन्हित कर उनके स्वामियों को ’’स्वच्छता मित्र’’ के रूप में पुरस्कृत किया जाए, उसी मोहल्ले में कार्यक्रम आयोजित कराकर हार्पिक, टॉयलेट क्लीनर, साबुन, ऑडोनिल की किट के साथ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाए ताकि मोहल्ले के अन्य लोग भी प्रेरित होकर अपने घरों में सफाई रखें। मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि सम्बन्धित अधिकारी माइक्रो प्लान के अनुसार कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें, नियमित रूप से फॉगिंग, एंटी-लार्वा का छिड़काव कराएं, ग्रामों में नालियों की साफ-सफाई, झाड़ियों को कटवाना, उथले हैण्डपंम्पों को लाल रंग से चिन्हीकरण, इण्डिया मार्का-2 हैंड पम्प, प्लेट फार्म की मरम्मत, ग्रामीण क्षेत्रों में आवादी के बीच वाले तालाबों को अपशिष्ट तथा प्रदूषण मुक्त रखने, आवासीय क्षेत्रों के आस-पास छछून्दर, चूहों आदि को नियंत्रित करने, आबादी वाले क्षेत्र से सूकर बाडों को दूर करने, जानवरों के पालन स्थल को स्वच्छ रखने एवं सभी स्तरों पर विभिन्न विभागों से नियमित सम्पर्क एवं समन्वय स्थापित कर लोगों को जागरूक किया जाये, समस्त खंड विकास अधिकारी सुनिश्चित करें कि किसी भी ग्राम पंचायत में जल भराव की समस्या न हो, दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए आशा, ए.एन.एम., आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की ब्लॉकवार संवेदीकरण कार्यशालाएं आयोजित करायी जाए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. शोभनाथ चौरसिया, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ.राज सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सोमदत्त, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश बघेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप, जिला मलेरिया अधिकारी हिलाल अहमद सहित अन्य अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
Follow Samachar24