Loading...

व्यापारी कल्याण दिवस पर दानवीर भामाशाह को किया नमन, उत्कृष्ट व्यापारिक संस्थाएं और समाजसेवी हुए सम्मानित

Gargachary Times 29 June 2026, 20:27 81 views
Firozabad
व्यापारी कल्याण दिवस पर दानवीर भामाशाह को किया नमन, उत्कृष्ट व्यापारिक संस्थाएं और समाजसेवी हुए सम्मानित
फिरोजाबाद। दानवीर भामाशाह की जयंती पूरे प्रदेश के साथ-साथ जनपद फिरोजाबाद में भी हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाई गई। प्रदेश सरकार द्वारा भामाशाह जयंती को “व्यापारी कल्याण दिवस” के रूप में मनाने के निर्णय के अंतर्गत राज्य कर विभाग, फिरोजाबाद द्वारा विकास भवन सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी शत्रुघ्न वैश्य ने की। कार्यक्रम में व्यापारिक संगठनों की ओर से सुनील पैंगोरिया, अजय मित्तल तथा अनिल मैनेजर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने दानवीर भामाशाह की दानशीलता, राष्ट्रभक्ति और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं एवं सर्वाधिक जीएसटी देने वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट टर्नओवर और राजस्व देने वाली राज्य क्षेत्राधिकार की प्रमुख फर्मों में सन ग्लास वर्क्स प्रा. लि., टाइगर संस ग्लास इंडस्ट्रीज प्रा. लि., जुपिटर ग्लास वर्क्स प्रा. लि., हाइलाइट ग्लास प्रा. लि., आनंद ग्लास वर्क्स, नवीन ग्लास प्रोडक्ट, हरेन्द्र कुमार शिकोहाबाद, पूजा बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर तथा दाऊ जी ट्रेडर्स को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में समाजसेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई व्यक्तियों और संस्थाओं को भी सम्मान मिला। पी.के. जिंदल को मेडिकल क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए, हनुमान प्रसाद को ट्रॉमा सेंटर और कैंसर हॉस्पिटल के संचालन एवं शिक्षा क्षेत्र में योगदान हेतु, राहुल जैन को कैंसर स्मृति सेवा संस्थान के माध्यम से सामाजिक कार्यों के लिए, डॉ. प्रतीश अग्रवाल को एम.सी. अग्रवाल हॉस्पिटल में 24 घंटे इमरजेंसी और क्रिटिकल केयर सुविधा उपलब्ध कराने हेतु तथा संजीव बंसल को रक्तदान शिविर, नेत्र ऑपरेशन, कांवड़ सेवा और जल सेवा जैसे जनकल्याण कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।मुख्य विकास अधिकारी शत्रुघ्न वैश्य ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारियों ने सदैव देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में जमनालाल बजाज, घनश्याम दास बिरला और जमशेदजी टाटा के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील पैंगोरिया ने कहा कि व्यापारी वर्ग सदैव राष्ट्रहित और समाजसेवा की भावना से कार्य करता रहा है और आगे भी इसी भावना के साथ समाज के प्रति समर्पित रहेगा। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। कार्यक्रम के व्यवस्थापक धर्मेंद्र बहादुर (जॉइंट कमिश्नर, कार्पोरेट सर्किल, राज्य कर विभाग) रहे, जबकि मंच संचालन बृजेश कुमार (उपायुक्त राज्य कर खंड-2) ने किया। कार्यक्रम में अशित कुमार सिंह, शेखर चौरसिया, सृष्टि जैन, राधा स्वामी, प्रद्युम्न चौधरी सहित राज्य कर विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24