Loading...

शिक्षक पात्रता भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, चार केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा

Gargachary Times 29 June 2026, 20:34 65 views
Firozabad
शिक्षक पात्रता भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, चार केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा
फिरोजाबाद: आगामी 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु पुलिस लाइन सभागार कक्ष में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जानकारी के अनुसार परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। वहीं 4 जुलाई को परीक्षा एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले में चार केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें एमजी इंटर कॉलेज, गोपीनाथ इंटर कॉलेज, एसआरके इंटर कॉलेज तथा दाऊ दयाल इंटर कॉलेज शामिल हैं।भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के भीतर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी।जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, उप जिलाधिकारी विकल्प तथा जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24