विदाई की खुशियां पलभर में दहशत में बदलीं, रिटायरमेंट समारोह से लौट रही बोलेरो हाईवे पर डिवाइडर से टकराई
Gargachary Times
30 June 2026, 19:48
71 views
Mathura
फरह। केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, मखदूम में कर्मचारी धर्म सिंह के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया, लेकिन लौटते समय खुशियों का यह सफर अचानक दहशत में बदल गया। समारोह से वापस लौट रही बोलेरो हाईवे पर अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यमुनापार के नरहोली निवासी धर्म सिंह के सम्मान समारोह में परिजन और संस्थान के कर्मचारी शामिल हुए थे। समारोह के बाद राया निवासी सुमित शर्मा अपने साथियों के साथ बोलेरो से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक को अचानक नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से भिड़ गया। राहत की बात यह रही कि हादसा बड़ा होने के बावजूद सभी सवार सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।