Loading...

सड़क किनारे सो रहे पिता-पुत्र को गैस टैंकर ने रौंदा, दोनों की मौत, बेटी गंभीर

Gargachary Times 30 June 2026, 20:11 60 views
Firozabad
सड़क किनारे सो रहे पिता-पुत्र को गैस टैंकर ने रौंदा, दोनों की मौत, बेटी गंभीर
फिरोजाबाद। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के मैनपुरी रोड स्थित गांव मोहम्मदपुर माड़ई में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क किनारे चारपाई पर सो रहे पिता-पुत्र की गैस टैंकर की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार गांव निवासी 50 वर्षीय कासिम अली अपने 10 वर्षीय बेटे तौसीफ और 13 वर्षीय बेटी शहरीन उर्फ सिफा के साथ घर के बाहर सड़क किनारे चारपाई पर सो रहे थे। सुबह करीब छह बजे अरांव की ओर से आ रहा गैस टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और चारपाई पर चढ़ गया। हादसे में कासिम अली और उनके बेटे तौसीफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी शहरीन गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोरी को उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा। वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने शिकोहाबाद-मैनपुरी रोड पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही एसडीएम शिकोहाबाद, क्षेत्राधिकारी पुलिस एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने गैस टैंकर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Follow Samachar24