सिरसागंज पुलिस ने तीन शातिर नकबजन दबोचे, तमंचा, चाकू, बाइक व नकदी बरामद
Gargachary Times
30 June 2026, 20:13
79 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना सिरसागंज पुलिस ने चोरी और नकबजनी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के नेतृत्व में थाना सिरसागंज पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रेलवे तिलियानी अंडरपास के पास से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अनिल उर्फ छुट्टन पुत्र अमर सिंह निवासी गिहार कॉलोनी थाना सिरसागंज, अभिषेक उर्फ करुआ पुत्र आजाद निवासी गिहार कॉलोनी थाना सिरसागंज तथा छोटू गिहार पुत्र मिजाजीलाल निवासी बस स्टैंड के पास थाना कोतवाली मैनपुरी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा 7360 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी थाना उत्तर में दर्ज चोरी के मुकदमे से भी संबंधित हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सिरसागंज में संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी, मारपीट, आबकारी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रेम प्रकाश, सोमिल राठी, मुनेश कुमार, वीरेंद्र कुमार सहित थाना सिरसागंज पुलिस टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।