Loading...

सभी मतदेय स्थल भू-तल पर ही बनाए जाएं ताकि किसी भी मतदाता को न हो असुविधा-जिला निर्वाचन अधिकारी

Gargachary Times 1 July 2026, 20:24 72 views
Mainpuri
सभी मतदेय स्थल भू-तल पर ही बनाए जाएं ताकि किसी भी मतदाता को न हो असुविधा-जिला निर्वाचन अधिकारी
मैनपुरी - भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों के संभाजन, पुनर्गठन के संबंध में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी नेे राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया, समय-सीमा एवं मानकों की जानकारी देते हुए कहा कि मतदेय स्थलों के पुनर्गठन का उद्देश्य केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं बल्कि प्रत्येक मतदाता को सरल, सुरक्षित एवं सुविधाजनक मतदान की व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी तथा राजनैतिक दलों के प्रत्येक सुझाव एवं आपत्ति का निष्पक्ष परीक्षण कर निर्णय लिया जाएगा। उन्होने कहा कि 04 जुलाई को मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन किया जाएगा, उसी दिन सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को उपलब्ध करायी जाएगी ताकि वह उसका परीक्षण कर निर्धारित समय के भीतर अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकें, प्राप्त सुझावों, आपत्तियों का परीक्षण करने के उपरांत 17 जुलाई को पुनः राजनैतिक दलों के साथ बैठक आयोजित कर प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा 18 जुलाई को सूची को अंतिम रूप प्रदान कर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को आयोग के अनुमोदनार्थ प्रेषित किया जायेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र 107-मैनपुरी में 257 मतदान केंद्र 434 मतदेय स्थल, 108-भोगांव में 331 मतदान केंद्र, 448 मतदेय स्थल, 109-किशनी (अजा.) में 331 मतदान केंद्र, 423 मतदेय स्थल तथा 110-करहल में 354 मतदान केंद्र, 503 मतदेय स्थल हैं, इस प्रकार जनपद में कुल 1273 मतदान केंद्रों पर 1808 मतदेय स्थल वर्तमान में हैं। उन्होने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने निर्देश के क्रम में जिन मतदेय स्थलों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, उनका आवश्यकतानुसार सम्भाजन किया जाए तथा जिन मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की संख्या अत्यंत कम है, उनका तार्किक आधार पर समीपवर्ती मतदेय स्थलों में समायोजन किया जाए, यह कार्य संबंधित उप जिलाधिकारियों द्वारा दि. 28 जून तक प्रत्येक भवन का भौतिक सत्यापन करने के उपरांत कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि विधानसभा मैनपुरी में 1200 से अधिक मतदाताओं वाला कोई मतदेय स्थल नहीं है जबकि कम मतदाता संख्या वाले 14 मतदेय स्थलों के समायोजन का प्रस्ताव है, 03 भवन जर्जर, अनुपयुक्त पाए गए हैं, जिनका स्थान परिवर्तन प्रस्तावित है तथा 02 भवनों के नामों में संशोधन किया जाएगा, इससे मतदेय स्थलों की संख्या 434 से घटकर 420 प्रस्तावित हुई है, विधानसभा भोगांव में 02 मतदेय स्थलों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, जिनका सम्भाजन किया जाएगा, 09 कम मतदाता संख्या वाले मतदेय स्थलों का समायोजन प्रस्तावित है, इसके बाद यहां मतदेय स्थलों की संख्या 448 से घटकर 441 रह जाएगी, विधानसभा किशनी में 01 मतदेय स्थल पर 1200 से अधिक मतदाता हैं जबकि 02 मतदेय स्थलों के समायोजन का प्रस्ताव है, 02 जर्जर भवनों को स्थानांतरित किए जाने के बाद यहां मतदेय स्थलों की संख्या 423 से घटकर 422 प्रस्तावित है, विधानसभा करहल में 02 मतदेय स्थलों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं तथा 12 कम मतदाता संख्या वाले मतदेय स्थलों का समायोजन किया जाएगा, इसके बाद यहां मतदेय स्थलों की संख्या 503 से घटकर 493 रह जाएगी इस प्रकार पूरे जनपद में कुल मतदेय स्थलों की संख्या 1808 से घटाकर 1776 प्रस्तावित की गई है। उन्होने उपस्थित राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि यदि उक्त प्रस्तावित समायोजन में किसी भी दल को कोई आपत्ति हो तो दि. 16 जुलाई तक लिखित में दावे, आपत्ति उपलब्ध करायें ताकि समय से उनका निदान किया जा सके।
Follow Samachar24