Loading...

फरह में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, एनसीसी कैडेट्स लेंगे सेना की कार्यशैली का प्रशिक्षण

Gargachary Times 1 July 2026, 20:31 46 views
Mathura
फरह में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, एनसीसी कैडेट्स लेंगे सेना की कार्यशैली का प्रशिक्षण
फरह। 10 यूपी एनसीसी बटालियन के नेतृत्व में हिंदुस्तान कॉलेज, फरह में मंगलवार 01 जुलाई से संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। यह कैंप 10 जुलाई तक चलेगा। कैंप कमांडेंट कर्नल के एस मागो के कुशल नेतृत्व में शिविर की शुरुआत सुबह से कैडेट्स के आगमन और रजिस्ट्रेशन के साथ हुई। शिविर में प्रतिभाग करने वाले एनसीसी कैडेट्स को सेना की कार्यशैली से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उन्हें अनुशासन, नेतृत्व और अच्छे नागरिक के कर्तव्यों के पालन का पाठ पढ़ाया जाएगा। कैंप कमांडेंट कर्नल के एस मागो ने बताया कि एनसीसी युवाओं को राष्ट्र सेवा और चरित्र निर्माण की दिशा में तैयार करने वाला महत्वपूर्ण संगठन है। यह प्रशिक्षण कैडेट्स के सर्वांगीण विकास में सहायक होगा। शिविर के दौरान कैडेट्स को रेजीमेंट दिनचर्या का अभ्यास कराया जाएगा। इसमें मैप रीडिंग, फासले का अंदाजा लगाना, फील्ड क्राफ्ट, फायरिंग, ड्रिल और व्यक्तित्व विकास जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जो कैडेट्स को रक्षा सेवाओं समेत अन्य क्षेत्रों में करियर संबंधी अवसरों के बारे में मार्गदर्शन देंगे। 10 यूपी बटालियन की मीडिया प्रभारी डॉ योगेंद्र सिंह पुनिया ने बताया कि कैंप की व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए एनसीसी बटालियन का पीआई स्टाफ एवं विभिन्न स्कूलों के सहयोगी एनसीसी अधिकारी शिविर में मौजूद रहेंगे। पहले दिन कैडेट्स में प्रशिक्षण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शिविर का उद्देश्य कैडेट्स में आत्मविश्वास, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
Follow Samachar24