किराये पर दुकान देना पड़ा महंगा, फरह में एक कुंतल से अधिक गांजा बरामद
Gargachary Times
1 July 2026, 20:32
63 views
Mathura
फरह। फरह कस्बे के मुख्य चौराहे के निकट सर्विस रोड के पास दुकान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुंतल से अधिक अवैध गांजा बरामद किया है। किराये पर दी गई दुकान में गांजा रखे जाने के बाद पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी संजय ट्रैक्टर स्पेयर पार्ट्स की दुकान संचालित करता है। उसने करीब एक सप्ताह पहले अपनी दुकान कस्बा निवासी बंटी को किराये पर दी थी। आरोप है कि किरायेदार ने रात के अंधेरे में दुकान में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रख दिया। मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ और फरह पुलिस ने संयुक्त रूप से ताला तोड़कर छापेमारी की, जहां से एक कुंतल से अधिक गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में दुकान स्वामी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। आगरा फील्ड यूनिट के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर रजनीश चौधरी, प्रदीप चौधरी और स्थानीय पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस अब जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार के तार और किन-किन लोगों से जुड़े हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि फरह कस्बे और आसपास के गांवों में कुछ दुकानों से लंबे समय से गांजे की बिक्री की जा रही थी। संदेह से बचने के लिए दुकानों पर महिलाओं को बैठाया जाता था और ग्राहक आने पर दुकान से कुछ दूरी पर जाकर गांजा उपलब्ध कराया जाता था।
ग्रामीणों का कहना है कि गांजे की बढ़ती उपलब्धता के कारण बड़ी संख्या में युवा नशे की लत का शिकार हो रहे हैं। नशे की पूर्ति के लिए क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में भी इजाफा हुआ है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिल पाई थी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। बरामद गांजे की बाजार कीमत का आकलन किया जा रहा है। फरह पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है और अभियान आगे भी जारी रखने की मांग की है।