ऑपरेशन दहन के तहत फिरोजाबाद में 7.48 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ नष्ट
Gargachary Times
1 July 2026, 20:42
92 views
Firozabad
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के अंतर्गत जनपद फिरोजाबाद में एनडीपीएस एक्ट से संबंधित विभिन्न मामलों में जब्त मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया गया। बुधवार को जनपदीय डीडीसी कमेटी एवं उच्चाधिकारियों की उपस्थिति में कुल 47 अभियोगों में जब्त 1444.136 किलोग्राम मादक पदार्थों को भस्मक भट्टी में नष्ट कराया गया, जिनकी अनुमानित कीमत 7 करोड़ 48 लाख 36 हजार 300 रुपये बताई गई है।यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा रेंज के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।पुलिस विभाग के अनुसार थाना नसीरपुर, सिरसागंज, रामगढ़, लाइनपार, पचोखरा, शिकोहाबाद, टूण्डला एवं जसराना से संबंधित एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त गांजा, चरस एवं अन्य मादक पदार्थों को दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नष्ट किया गया।
थानावार नष्ट किए गए मादक पदार्थों का विवरण इस प्रकार है— थाना नसीरपुर से 506.38 किलोग्राम, सिरसागंज से 220 किलोग्राम, रामगढ़ से 142.89 किलोग्राम, लाइनपार से 0.16 किलोग्राम, पचोखरा से 61 किलोग्राम, शिकोहाबाद से 326.20 किलोग्राम, टूण्डला से 18.71 किलोग्राम तथा जसराना से 168.796 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए।
विनष्टीकरण प्रक्रिया में क्षेत्राधिकारी सिरसागंज/साइबर चंचल त्यागी, संबंधित थानों के नोडल माल निस्तारण अधिकारी एवं डीसीआरबी के हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।