Loading...

फिरोजाबाद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, 11 जुलाई से चलेगा ‘दस्तक अभियान’

Gargachary Times 1 July 2026, 20:43 57 views
Firozabad
फिरोजाबाद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, 11 जुलाई से चलेगा ‘दस्तक अभियान’
फिरोजाबाद: शासन के निर्देशानुसार जनपद में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया गया है। बुधवार को जिलाधिकारी ने अभियान को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इसके साथ ही 11 जुलाई से विशेष “दस्तक अभियान” भी संचालित किया जाएगा, जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न टीमें जनपद के प्रत्येक घर का भ्रमण करेंगी। इस दौरान लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। यदि किसी घर में बीमारी के लक्षण वाला मरीज मिलता है, तो उसका विस्तृत सर्वे कर निःशुल्क एवं समुचित उपचार सुनिश्चित कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि 11 जुलाई से शुरू होने वाले दस्तक अभियान में आशा बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं एएनएम घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगी। अभियान के तहत जलभराव रोकने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा शुद्ध पेयजल के उपयोग के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया जाएगा। अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए ग्राम पंचायत, ब्लॉक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं तहसील स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि अभियान का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच सके जिलाधिकारी ने कहा कि “जनपद को संचारी रोगों से मुक्त बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग एवं बाल विकास विभाग आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाएं।”उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा घर आने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें। यदि किसी व्यक्ति को बुखार या अन्य लक्षण हों तो तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क करें, जहां जांच एवं उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।
Follow Samachar24