प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली आरती देवी की जिंदगी, झोपड़ी से पक्के घर तक का सफर हुआ पूरा
Gargachary Times
1 July 2026, 20:44
83 views
Firozabad
फिरोजाबाद: मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में जनपद में आश्रयविहीन पात्र परिवारों को लगातार आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड अरांव की ग्राम पंचायत किसरांव निवासी आरती देवी का जीवन प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से पूरी तरह बदल गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने से पहले आरती देवी अपने पति अनवर सिंह एवं पांच सदस्यीय परिवार के साथ एक जर्जर छप्परनुमा झोपड़ी में जीवन यापन कर रही थीं। बरसात के दिनों में झोपड़ी के चारों ओर पानी भर जाता था और छप्पर से टपकते पानी के बीच परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में रहने को मजबूर था। जहरीले जीव-जंतुओं का डर, कड़ाके की ठंड और भीषण गर्मी में बच्चों की सुरक्षा एवं पढ़ाई-लिखाई बड़ी चिंता बनी रहती थी।
आरती देवी ने बताया कि बरसात के समय पूरी रात भय के साये में गुजरती थी। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी और परिवार बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन बिता रहा था।
परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी एवं खंड विकास अधिकारियों के समन्वय से तैयार की गई “आवास प्लस” सूची में आरती देवी का चयन किया गया। योजना के अंतर्गत उनके खाते में तीन किस्तों में कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई, जिससे उन्होंने अपना पक्का एवं सुरक्षित मकान तैयार कराया।
पक्का घर बनने के बाद आरती देवी और उनके परिवार को प्राकृतिक आपदाओं एवं असुरक्षा से राहत मिली है। अब उनके बच्चे सुरक्षित एवं शांत वातावरण में पढ़ाई कर रहे हैं और परिवार के जीवन में आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।आवास योजना के साथ-साथ आरती देवी को स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन, निःशुल्क बिजली कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड एवं राशन कार्ड जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिला है। इसके अतिरिक्त मनरेगा योजना के तहत मकान निर्माण के दौरान 90 दिवस की मजदूरी भी प्रदान की गई, जिससे परिवार को आर्थिक संबल मिला।
आरती देवी ने भावुक होकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की संवेदनशील योजनाओं ने उनके परिवार को नया जीवन दिया है और पक्के घर का सपना साकार किया है।