Loading...

औद्योगिक इकाइयों के सुदृढ़ीकरण से बढ़ेंगे रोजगार, निवेश के अवसर- जिलाधिकारी

Gargachary Times 3 July 2026, 20:07 63 views
Mainpuri
औद्योगिक इकाइयों के सुदृढ़ीकरण से बढ़ेंगे रोजगार, निवेश के अवसर- जिलाधिकारी
मैनपुरी - प्रदेश सरकार की औद्योगिक विकास, कृषि आधारित उद्यमों को प्रोत्साहन तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की नीति के अनुरूप जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु के साथ जनपद की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों मै. सुभावनी स्मार्ट फॉर्म्स, मै. अदिति इंटरप्राइजेज तथा मै. सन्तलाल इंडस्ट्रीज राइस मिल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, आधुनिक तकनीक, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, विपणन व्यवस्था एवं रोजगार सृजन की संभावनाओं का विस्तृत अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं उद्यमियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होने मै. सुभावनी स्मार्ट फॉर्म्स में मसाला प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग इकाई का निरीक्षण करते हुए लाल मिर्च, हल्दी, केसर सहित विभिन्न मसालों की सफाई, ग्राइंडिंग, गुणवत्ता परीक्षण एवं पैकेजिंग की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया, इण्डस्ट्रीज के स्वामी ने बताया कि आधुनिक मशीनों द्वारा मसालों का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाता है तथा आकर्षक एवं बारकोड युक्त पैकेजिंग के माध्यम से उत्पादों को बाजार में उपलब्ध कराया जा रहा है, निरीक्षण के दौरान पाया कि स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में महिला किसान हल्दी उत्पादन से जुड़ी हुई हैं, इन किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज, तकनीकी प्रशिक्षण एवं विपणन सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसी परिसर में उन्होने केसर उत्पादन परियोजना का भी अवलोकन करते हुए पाया कि नियंत्रित वातावरण एवं वैज्ञानिक तकनीक के माध्यम से केसर उत्पादन की दिशा में कार्य किया जा रहा है साथ ही केसर की प्रोसेसिंग, गुणवत्ता परीक्षण एवं पैकेजिंग की आधुनिक व्यवस्था विकसित की गई है। उन्होने कहा कि केसर जैसे उच्च मूल्य के कृषि उत्पाद आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि वैज्ञानिक संस्थानों के सहयोग से केसर उत्पादन का दायरा बढ़ाया जाए तथा इसकी ब्रांडिंग एवं विपणन की प्रभावी कार्य-योजना तैयार की जाए। श्री त्रिपाठी ने मै. सन्तलाल इंडस्ट्रीज राइस मिल का भ्रमण कर धान से चावल तैयार करने की संपूर्ण प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया, इस दौरान धान की सफाई, सुखाने, मिलिंग, ग्रेडिंग, पॉलिशिंग, पैकेजिंग एवं भंडारण व्यवस्था का अवलोकन करते हुए उन्होने मिल प्रबंधन से जानकारी करने पर पाया कि आधुनिक मशीनों के माध्यम से धान का नवीन पद्धति से प्रसंस्करण कर विभिन्न ग्रेड के चावल तैयार किए जाते हैं तथा उनकी गुणवत्ता के अनुरूप पैकेजिंग कर बाजार में उपलब्ध कराया जाता है। उन्होने विभिन्न किस्मों के चावल का निरीक्षण करते हुए उनके आकार, गुणवत्ता एवं बाजार की मांग के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि किसानों से गुणवत्तायुक्त धान की खरीद को बढ़ावा दिया जाए तथा प्रसंस्करण के प्रत्येक चरण में खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन किया जाए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर तैयार चावल की ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग एवं मूल्य संवर्धन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होने मै. अदिति इंटरप्राइजेज का निरीक्षण कर विद्युत कंट्रोल पैनल, इलेक्ट्रिकल कैबिनेट एवं अन्य इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्माण की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया, जानकारी करने पर पाया कि इकाई में स्टील शीट की कटिंग, पंचिंग, बेंडिंग, वेल्डिंग, सफाई, पाउडर कोटिंग, पेंटिंग एवं पैकेजिंग तक की संपूर्ण प्रक्रिया आधुनिक मशीनों द्वारा संचालित है। उन्होंने विभिन्न क्षमता के कंट्रोल पैनल एवं कैबिनेट के निर्माण की प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा गुणवत्ता परीक्षण की जानकारी प्राप्त की, उद्यमी ने बताया कि इकाई में 05 किग्रा. से 100 किग्रा. क्षमता तक के विभिन्न प्रकार के कंट्रोल पैनल एवं औद्योगिक कैबिनेट तैयार किए जाते हैं, जिनकी आपूर्ति विभिन्न औद्योगिक इकाइयों एवं प्रतिष्ठित कंपनियों को की जाती है।
Follow Samachar24