फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़ में टप्पेबाज गैंग का पर्दाफाश, चार बदमाश गिरफ्तार, दो घायल
Gargachary Times
4 July 2026, 19:15
88 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना उत्तर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए टप्पेबाजी की घटना का खुलासा कर चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के कब्जे से डेढ़ लाख रुपये नकद, अवैध तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त तीन स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को थाना उत्तर क्षेत्र में कृष्णा नामक व्यक्ति ने तहरीर दी थी कि उसके पिता सुबह टहलकर लौट रहे थे, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने बहला-फुसलाकर उनकी सोने की माला और अंगूठी उतरवा ली। मामले में थाना उत्तर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में थाना उत्तर पुलिस की तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू की।
शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बैंदी की पुलिया के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जग्गू उर्फ जगदीश और सुभाष के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य आरोपियों को भागते समय गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जग्गू उर्फ जगदीश निवासी शाहगंज आगरा, सुभाष यादव निवासी शाहगंज आगरा, तनुज गोस्वामी निवासी जोगीपारा शाहगंज आगरा और दिनेश चंद्र गोस्वामी निवासी जगदीशपुरा आगरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टप्पेबाजी कर बेचे गए आभूषणों से प्राप्त 1.50 लाख रुपये नकद, तीन तमंचे 315 बोर, चार खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त तीन स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं।पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों पर आगरा, दिल्ली, ग्वालियर, भरतपुर और धौलपुर समेत विभिन्न स्थानों पर लूट, चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना उत्तर प्रभारी निरीक्षक अंजीश कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी मुकेश कुमार समेत थाना उत्तर और एसओजी टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।