डीएम ने रामदासपुरा यमुना सेतु निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश
Gargachary Times
4 July 2026, 19:16
49 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ विधानसभा क्षेत्र शिकोहाबाद के ग्राम रामदासपुरा के पास निर्माणाधीन यमुना नदी सेतु, पहुंच मार्ग, सुरक्षात्मक कार्य एवं भूमि अधिग्रहण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मजदूरों द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए हेलमेट पहनकर कार्य किए जाने पर संतुष्ट नजर आए और इसे सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना 6273 लाख रुपये की लागत से उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा कराई जा रही है। निर्माणाधीन सेतु की कुल लंबाई 477.75 मीटर है तथा अब तक कार्य की भौतिक प्रगति लगभग 76 प्रतिशत हो चुकी है। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। इस पर बताया गया कि निरीक्षण के लिए आईटीआई दिल्ली का चयन किया गया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सेतु मार्ग बनने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी सुविधा मिलेगी तथा आगरा की दूरी कम होने से वाहन चालकों को लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों तक शीघ्र पहुंचाया जा सकेगा, जिससे समय पर उपचार मिल सकेगा। वहीं किसानों, व्यापारियों और शिल्पकारों को अपनी उपज और उत्पाद बड़े बाजारों तक कम समय और कम लागत में पहुंचाने में मदद मिलेगी। मार्ग के आसपास छोटे व्यवसाय, ढाबे और दुकानों के खुलने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।डीएम ने कहा कि किसी भी आपदा या कानून व्यवस्था की स्थिति में प्रशासनिक और पुलिस टीमों को मौके तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा संस्थानों और बेहतर विद्यालयों तक सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि रामदासपुरा सेतु मार्ग केवल एक पुल या सड़क नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जीवन रेखा साबित होगा, जो क्षेत्र के विकास और आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के एक्सईएन, तहसीलदार सदर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।