Loading...

एकेटीयू की एमबीए मेरिट सूची में जीएल बजाज की छात्रा सृष्टि को सातवां स्थान

Gargachary Times 4 July 2026, 19:20 50 views
Education
एकेटीयू की एमबीए मेरिट सूची में जीएल बजाज की छात्रा सृष्टि को सातवां स्थान
मथुरा। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का पर्याय बन चुके जीएल बजाज ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस मथुरा की मेधावी छात्रा सृष्टि अग्रवाल ने अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता का लोहा मनवाते हुए डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी द्वारा एमबीए बैच 2026 की जारी मेरिट सूची में सातवां स्थान हासिल कर समूचे ब्रज मंडल और जीएल बजाज परिवार को गौरवान्वित किया है। एमबीए में सातवीं रैंक हासिल छात्रा सृष्टि अग्रवाल की इस सफलता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जीएल बजाज केवल डिग्री देने वाला नहीं बल्कि प्रतिभाओं को तराशकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाला एक उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान है। सृष्टि अग्रवाल की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि सही मार्गदर्शन, उत्कृष्ट शिक्षण वातावरण और निरंतर मेहनत का संगम हो तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने सृष्टि को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करना केवल परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित नहीं होता बल्कि इसके पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था का योगदान होता है। उन्होंने कहा कि जीएल बजाज लगातार अपने विद्यार्थियों को ऐसा शैक्षणिक माहौल प्रदान करता रहा है, जहां आधुनिक तकनीक, प्रायोगिक शिक्षा, इंडस्ट्री इंटरफेस, रिसर्च गतिविधियां और व्यक्तित्व विकास पर समान रूप से ध्यान दिया जाता है। यही कारण है कि संस्थान के विद्यार्थी हर वर्ष विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, विश्वविद्यालय परिणामों और प्लेसमेंट में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल तथा संकाय सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रा सृष्टि की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि सृष्टि की यह उपलब्धि अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का काम करेगी। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं होती बल्कि परिवार और संस्थान दोनों मिलकर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल अकादमिक परिणाम देना नहीं बल्कि ऐसे युवा तैयार करना है जो भविष्य में देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। श्री अग्रवाल ने कहा कि सृष्टि का डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी की मेरिट सूची में सातवां स्थान हासिल करना संस्थान की शिक्षा गुणवत्ता और छात्रा की मेहनत का सुफल है। इस शानदार उपलब्धि पर खुशी जताते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. शशि शेखर ने कहा कि संस्थान के सहयोगी एकेडमिक माहौल, अनुभवी फैकल्टी और छात्र-केंद्रित दृष्टिकोण ने प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को निखारने और ऐसे शानदार अचीवर्स तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि एकेटीयू की मेरिट सूची में सातवां स्थान बनाना यह दर्शाता है कि संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। जीएल बजाज परिवार ने छात्रा सृष्टि अग्रवाल को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी अपने ज्ञान, कौशल और नेतृत्व क्षमता के बल पर नई उपलब्धियां हासिल करेगी।
Follow Samachar24