सेफ्टी क्लीनिक में छात्राओं को एलपीजी गैस हादसों से बचाव के उपाय बताए
Gargachary Times
14 July 2026, 19:59
58 views
Mathura
फरह। मंगलवार को कस्बा स्थित पंडित दीनदयाल राजकीय कन्या इंटरकालेज में इंडेन गैस की ओर से एक सेफ्टी क्लीनिक का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं को घरों में एलपीजी गैस से होने वाले हादसों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईओसीएल के सेल्स ऑफिसर रंजन मिश्रा ने कहा, एलपीजी से हादसे लापरवाही के कारण बढ़ रहे हैं। उन्होंने गैस चूल्हे को हमेशा सिलेंडर से ऊंचा रखने , आड़ा तिरछा न करने की सलाह दी। अगर लीकेज के कारण आग लगी हो तो पानी से आग न बुझाने की सलाह दी। कहा पेट्रोल की आग गीले कंबल, टाट या रेत से बुझाई जा सकती है। उन्होंने हादसा होने पर एनएफआर किट की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।इस मौके पर छात्राओं ने सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया। अंत में कार्यवाहक प्रधानाचार्या डॉ ज्योत्सना ने सभी का आभार प्रकट किया। इस मौके पर अनिता इंडेन गैस एजेंसी के संचालक और मुकदम बिहारी लाल डिग्री कॉलेज के चेयरमैन नरेंद्र सोलंकी, अभिनव, लाखन, भीकम, सरिता आदि स्टाफ और सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं।