भाजपा ठगों की पार्टी है उनके लिए धन ही धर्म है: अखिलेश यादव
Gargachary Times
14 July 2026, 20:14
40 views
Lucknow
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ठगों की पार्टी है। भाजपा के लिए धन ही धर्म है। भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय, लूट, अपराध चरम पर है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा चोरी और आभूषणों गबन निक्रिष्ट कार्य है। जिस पर भाजपा नेतृत्व को शर्म आनी चाहिए। जनता भाजपा की रग-रग से परिचित हो चुकी है। अब वह भाजपा के किसी भी बहकावे में आने वाली नहीं है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को साफ कर देगी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा हाफ हो गयी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने देश की अर्थव्यवस्था को रसातल में पहुंचा दिया है। विदेशी कर्ज बढ़ता जा रहा है। हर विभाग में हर स्तर पर भ्रष्टाचार चरम पर है। जनता की कहीं सुनवाई नहीं है। पुलिस चौकी, थाना, तहसील, कचहरी कहीं भी गरीब को न्याय नहीं मिल रहा है। किसान के साथ झूठे वादे किए गए। किसान को उसकी फसल का वाजिब मूल्य नहीं मिल रहा है जबकि किसान को खाद बीज, डीजल-पेट्रोल बिजली नहीं मिल रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। फर्जी एनकाउण्टर हो रहे है। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार पुलिस थानों में निर्दोष लोगों की हिरासत में मौत उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा हो रही है। भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो गया है। अलीगढ़ में एएमयू में नौकरी के नाम पर 45 लाख की ठगी में भाजपा नेता पकड़ा गया। सच तो यह है कि भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा अपराध हो रहा है। भाजपा हटेगी तभी अपराध रूकेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि धर्म के नाम पर भाजपा समाज में बने रहने के लिए आपस में लड़ाती है। समाज को बांटती है। श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा चोरी से असंख्य लोगों की आस्था और श्रद्धा के साथ धोखा और छल हुआ है। सनातन का नारा लगाने वाली भाजपा ज्योतिष्पीठाधीश्वर श्री अविमुक्तेश्वरानंद जी शंकराचार्य का अपमान करने का पाप कर रही है। साधु-संतो में इससे बड़ा रोश है। भाजपा की प्राथमिकता में कभी भी जनता की भलाई नहीं रही है। जनहित की सभी योजनाएं और संस्थान बीमार पड़े है। शिक्षा, स्वास्थ्य की व्यवस्था को भाजपा सरकार ने चौपट कर दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जुमलेबाज पार्टी है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास का नारा तो देती है परन्तु अपना और अपनो का विकास करती है। पीडीए के लोग भाजपा की बदले की कार्यवाही में सबसे ज्यादा शिकार हुए है। उन्हीं के घर गिराए गये जिन्हें भाजपा अपना नहीं मानती है। भाजपा सरकार में छात्र, किसान, व्यापारी, गरीब, मजदूर सभी परेशान है। नौजवान दर-दर भटक रहा है। भाजपा राज में आरक्षण, संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया करके संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने का काम करेगी।