मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर एसपी ग्रामीण ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
Gargachary Times
14 July 2026, 20:25
53 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
गोवर्धन मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने यातायात, वायरलेस, इंटेलिजेंस, फायर सहित पुलिस विभाग की सभी शाखाओं के प्रभारियों के साथ समन्वय बैठक कर मेले की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। अधिकारियों को वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, कम्युनिकेशन प्लान को प्रभावी बनाने, परिक्रमा मार्ग के आसपास हाल ही में निवास करने वाले लोगों का सत्यापन कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ग्रामीण ने निर्देशित किया कि बसों का संचालन गोवर्धन चौराहा, जमुनावता और सोंख रोड मार्ग से एकल दिशा में कराया जाए। वहीं पार्किंग स्थल से एकता तिराहे तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ई-रिक्शा की पेड शटल सेवा संचालित की जाएगी।
उन्होंने मेले के दौरान खतरनाक तरीके से वाहन चलाने एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके लिए ब्रेथ एनालाइजर से नियमित जांच अभियान चलाने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए कंटिन्जेंसी प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार तिवारी सहित पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।