एफडीए की बड़ी कार्रवाई: विशेष अभियान में सात खाद्य नमूने लिए, ट्रांसपोर्टर और डेयरी पर पनीर बिक्री प्रतिबंधित
Gargachary Times
14 July 2026, 20:39
38 views
Firozabad
फिरोजाबाद। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) फिरोजाबाद ने मंगलवार को एफएसएसएआई के विशेष अभियान के तहत जनपद में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभाग की विभिन्न टीमों ने तेल, वसा (फैट) एवं इमल्सीफायर से संबंधित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए कुल सात खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कारोबारियों को निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण और बिक्री निर्धारित मानकों के अनुरूप ही की जाए तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
इसी अभियान के तहत पहले लिए गए पनीर के दो नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर एफडीए ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रांसपोर्टर तथा जसराना स्थित एक डेयरी द्वारा पनीर के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट में पाई गई कमियों के आधार पर यह कार्रवाई उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य हितों को ध्यान में रखते हुए की गई है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में मिलावटी एवं मानकविहीन खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि किसी प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एफडीए ने आमजन से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता या मिलावट को लेकर संदेह हो तो इसकी सूचना विभाग को दें, ताकि तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। विभाग का उद्देश्य सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराकर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा करना है।