Loading...

पुरानी दीवार बनी विवाद की वजह, दो पक्षों में मारपीट, महिलाएं भी घायल

Gargachary Times 15 July 2026, 18:50 57 views
Mathura
पुरानी दीवार बनी विवाद की वजह, दो पक्षों में मारपीट, महिलाएं भी घायल
फरह। थाना फरह क्षेत्र के गांव नगला महादेव में बुधवार को जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पुरानी दीवार तोड़ने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में पुरुषों और महिलाओं समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गिर्राज पक्ष अपने खेत की पुरानी दीवार तोड़ रहा था। इसी दौरान हुक्म सिंह पक्ष वहां पहुंच गया और दीवार को पीछे हटाकर बनाने की बात कहने लगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद दोनों पक्ष के युवक और महिलाएं फिर आमने-सामने आ गए। इसके बाद विवाद हिंसक हो गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। झगड़े में गिर्राज पक्ष से केशव देव, शेखर, गिर्राज, कमलेश और रोहताश घायल हुए। वहीं हुक्म सिंह पक्ष से सोनवीर, सौदान, हेमवीर, ऋतिका, सेलेंद्री और सीमा को चोटें आईं। बताया गया कि सेलेंद्री के मुंह पर गंभीर चोट आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरह भिजवाया। चिकित्सकों ने दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी छोटे लाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow Samachar24