भाजपा सरकार ने अपनी अक्षमता के चलते उत्तर प्रदेश को पिछड़ा बीमारू प्रदेश बना दिया है: अखिलेश यादव
Gargachary Times
15 July 2026, 18:53
36 views
Lucknow
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने अपनी प्रशासनिक अक्षमता के चलते उत्तर प्रदेश को पिछड़ा बीमारू प्रदेश बना दिया है। विकास का ढोल पीटती जिन योजनाओं का खूब विज्ञापन छपा वे सब भ्रष्टाचार की शिकार बन गई है। एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं और सड़के धंस रही है। हर तरफ लूट, झूठ और चोरी का चक्र अबाध गति से चल रहा है। अयोध्या और राम मंदिर को लेकर भाजपा ने खूब हो हल्ला मचाया। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर तक विकास का दावा किया। लेकिन भाजपा के कुकृत्यों के कारण अयोध्या और राममंदिर पर चढ़ावा चोरी का काला दाग लग गया।
चढ़ावा-चंदा-दान चोरी खुलने के बाद से भाजपा-आरएसएस और विश्व हिन्दू परिषद के नेताओं के काले कारनामों से जनता भलीभांति परिचित हो गई है। भाजपा में इससे बदहवासी छा गई हैं। जनता का ध्यान अपने पापकर्म से भटकाने के लिए अब बचकाने बयान दिए जा रहे है। इससे जनता में भाजपाइयों और उनके संगी साथियों के खिलाफ गुस्सा और बढ़ता जा रहा है। भाजपाइयों की नकारात्मक सोच का छोटापन दिन-पर-दिन बढ़ता जा रहा है।
सच तो यह है कि एक दल के रूप में भाजपा में अब कोई आत्मा नहीं बची है। शरीर पर धर्म-धन चोरी के अनगिनत असाध्य जख्म उभर आए हैं। भाजपा राजनीतिक रूप से विक्षिप्तावसथा में चली गई है। सब अपने को बचाने में लगे है लेकिन कोई बचने वाला नहीं है, एक-एक की कलई खुलने वाली है। इसमें देर नहीं।
अयोध्या में चंदा-चढ़ावा चोरी से यह तो स्पष्ट हो गया है कि भाजपा-आरएसएस और विश्व हिन्दू परिषद की तिकड़ी ने आस्थावानों की भावना से खिलवाड़ का एक सुनियोजित प्लॉन तैयार कर रखा था। न्यास के नाम पर अपने लोगों को सेट कर भ्रटाचार का व्यास बढ़ाया गया। आपस में अधर्मी मुनाफे का बंदरबांट कर लिया गया। जनता इन सभी का सामाजिक राजनीतिक बहिष्कार करेंगे।
भाजपा की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल और नाकारा साबित हुई है। किसान परेशान है उसका समय से खाद, बीज और कीटनााक कुछ भी नहीं मिल रहा है। फसल की लागत भी नहीं मिल रही है। पूंजीपतियों को संरक्षण दिया जा रहा है। गरीब और गरीब होता जा रहा है। महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही है। पूंजी निवेश के नाम पर सिर्फ जुमलेबाजी से काम चल रहा है। भाजपा से ऊबी जनता अब 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने को संकल्पित है।