कृषकों की समृद्धि और खुशहाली योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही
Gargachary Times
15 July 2026, 18:54
53 views
Lucknow
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और उनकी समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार को विधान भवन के समिति कक्ष संख्या-8 में कृषक समृद्धि आयोग के सदस्यों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इसके साथ ही उन्होंने मूल्य समर्थन योजना तथा एचसीएल फाउंडेशन द्वारा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे हैं कार्यों की भी समीक्षा की।
कृषक समृद्धि आयोग की बैठक को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि कृषकों की समृद्धि और खुशहाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार किसानों को बीज से लेकर बाजार तक हर स्तर पर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग द्वारा प्राप्त व्यावहारिक सुझावों को धरातल पर उतारने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
विभिन्न जनपदों से आए कृषक समृद्धि आयोग के सदस्यों ने किसानों की समृद्धि से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सुझाव दिए। सदस्यों ने मॉडल कृषि, जैविक खाद, गोबर के उपयोग, उपजाऊ क्षमता बढ़ाने, सिंचाई, पशुपालन, भंडारण, प्राकृतिक खेती, एकीकृत कृषि प्रणाली, फसल विविधीकरण, भंडारण सुविधाओं के विस्तार और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
सदस्यों ने प्रमुख रूप से प्राकृतिक खेती की चुनौतियों को दूर करने के लिए किसानों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाने और जैविक खाद के ढांचे को बढ़ाने का सुझाव दिया। किसानों को दिए जाने वाले आधुनिक कृषि यंत्रों के रख-रखाव और मरम्मत के लिए सर्विस सेंटर की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि ट्रैक्टर के अलावा अन्य उपकरणों का रख-रखाव किसान आसानी से करा सकें। बैठक में किसानों की खेती की लागत को कम करने के लिए जैविक खेती, प्राकृतिक खेती और ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर मंडियों के सुदृढ़ीकरण और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के उपयोग पर भी चर्चा हुई।
बैठक में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष तथा कृषक समृद्धि आयोग के सम्मानित सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों के जमीनी अनुभवों को साझा किया। कृषि मंत्री ने सभी सुझावों का स्वागत करते हुए आश्वस्त किया कि इन सुझावों को कृषि नीतियों में शामिल कर किसानों को सीधे लाभ पहुंचाया जाएगा।
इसके बाद कृषि मंत्री ने मूल्य समर्थन योजना (एमएसपी) को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने शासनादेश के अनुरूप लक्ष्य के सापेक्ष अधिक से अधिक खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए, जो योगी सरकार की प्राथमिकता है।
एक अन्य समीक्षा बैठक में एचसीएल फाउंडेशन द्वारा कृषि विभाग के सहयोग से किसानों के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का प्रस्तुतीकरण कृषि मंत्री के समक्ष रखा गया। फाउंडेशन ने कृषि क्षेत्र में मॉडल के रूप में अपने कार्यों की सार-संक्षेप प्रस्तुति दी। कृषि मंत्री ने कहा कि फाउंडेशन जो भी अच्छा कार्य कर रही है, उसमें कृषि विभाग से जो भी सहयोग अपेक्षित होगा, वह दिया जाएगा।
बैठक में कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री श्याम बिहारी गुप्ता, प्रमुख सचिव कृषि श्री रविंद्र, प्रमुख सचिव सहकारिता श्री अजय कुमार शुक्ला, सचिव कृषि श्री इंद्र विक्रम सिंह, आयुक्त सहकारिता श्री योगेश कुमार, निदेशक कृषि श्री पंकज त्रिपाठी, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा कृषक समृद्धि आयोग के सदस्यगण उपस्थित रहे।