Loading...

राधा दामोदर मंदिर में उमड़ी आस्था का सैलाब, धूमधाम से निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

Gargachary Times 16 July 2026, 20:57 39 views
Dholpur
राधा दामोदर मंदिर में उमड़ी आस्था का सैलाब, धूमधाम से निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
​वृंदावन:पुनीत शुक्ला नगर के प्रसिद्ध सप्त देवालयों में शुमार ठाकुर राधा दामोदर मंदिर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर के बड़े गोसाई आचार्य कनिका प्रसाद गोस्वामी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में भक्ति का अद्भुत ज्वार देखने को मिला। मंदिर परिसर पूरी तरह से 'जय जगन्नाथ' और 'हरे कृष्ण' के उद्घोष से गुंजायमान रहा, जहाँ दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ​उत्सव की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई, जिसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र जी और बहन सुभद्रा का दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। प्रभु के मनमोहक स्वरूप की विशेष महाआरती उतारी गई, जिसमें शंखध्वनि और मृदंग की थाप ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात प्रभु को काष्ठ निर्मित भव्य रथ में विराजमान कराया गया। ​रथयात्रा के दौरान मंदिर की समृद्ध सनातन परंपरा और सेवा भाव की झलक देखने को मिली। मंदिर के बड़े गोसाई आचार्य कनिका प्रसाद गोस्वामी महाराज ने स्वयं अपने हाथों से रथ के आगे 'सोहनी सेवा' (सफाई) की, जो उपस्थित भक्तों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनी। रथ खींचने का सौभाग्य मंदिर के सेवायत आचार्य दामोदर चंद्र गोस्वामी और महामंडलेश्वर सत्यानंद सरस्वती गिरी जी महाराज को प्राप्त हुआ। संतों और श्रद्धालुओं द्वारा रथ को खींचने का दृश्य अत्यंत विहंगम था। ​मंदिर के सेवायत आचार्य दामोदर चंद्र गोस्वामी ने बताया कि सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी रथयात्रा मंदिर परिसर के भीतर ही अत्यंत निष्ठा के साथ निकाली गई। रथ ने मुख्य मंदिर की सात परिक्रमा पूर्ण कीं, जिसके दौरान श्रद्धालु प्रभु की एक झलक पाने और रथ को स्पर्श करने के लिए लालायित दिखे। रथयात्रा के समापन पर भगवान को छप्पन भोग का दिव्य प्रसाद अर्पित किया गया। अंत में हजारों की संख्या में उपस्थित स्थानीय व बाहरी भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। ऐसी मान्यता है कि राधा दामोदर मंदिर में इस रथयात्रा के दर्शन मात्र से ही भक्तों के जन्म-जन्मांतर के पाप धुल जाते हैं और उन्हें प्रभु की कृपा प्राप्त होती है।
Follow Samachar24