Loading...

कांवड़ यात्रा को लेकर SSP आदित्य लांग्हे ने की समीक्षा बैठक, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश

Gargachary Times 16 July 2026, 21:02 37 views
Firozabad
कांवड़ यात्रा को लेकर SSP आदित्य लांग्हे ने की समीक्षा बैठक, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश
फिरोजाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा एवं सावन माह के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पुलिस लाइन सभागार में अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, सभी क्षेत्राधिकारी तथा कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले थानों के प्रभारी मौजूद रहे।बैठक में एसएसपी ने कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के लिए सतर्क रहने को कहा। एसएसपी ने कांवड़ मार्ग से जुड़े गांवों में स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) की टीम तैयार करने के भी निर्देश दिए। इन स्वयंसेवकों को पहचान पत्र (आई-कार्ड) उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे कांवड़ यात्रियों की सहायता कर सकें, किसी भी समस्या की तत्काल सूचना पुलिस तक पहुंचा सकें और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर यात्रा को सुचारु रखने में सहयोग दें।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जनपद के सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, शांति और यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
Follow Samachar24